Gumla: डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत हतलदा गांव में रविवार की सुबह जगदीश लोहरा (45) की चाकू गोदकर और गला काट कर हत्या कर दी गई। उसका शव घर से महज 200 मीटर की दूरी पर मिला। उसकी आंख और नाक पर गहरे जख्म के निशान हैं। आशंका जताई जा रही है कि जमीन विवाद में घटना को अंजाम दिया गया है।
लोहरा की पत्नी रायमुनी देवी ने बताया कि शनिवार देर रात तक उसका बेटा बस्ती तरफ से नहीं लौटा था। पति उसे वापस लेने के लिए घर से निकले थे। पूरी रात वापस नहीं आए। पत्नी ने बाहर निकल कर खोजबीन करने का प्रयास किया लेकिन घर का दरवाजा बंद था।
रविवार सुबह वह घर के दूसरी तरफ से बाहर निकली। पानी जाने के लिए वह तालाब की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में शव देखा। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
पुलिस को दिए बयान में उसने दो लोगों पर हत्या करने का शक जाहिर किया है। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और छानबीन कर रही है।