
जमशेदपुर: भाजपा नेता राम सिंह मुंडा पर मंगलवार की सुबह अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया। अपराधियों द्वारा रॉड और डंडे से उनके साथ मारपीट की गई है, जिससे राम सिंह मुंडा का बायां हाथ तीन जगह से फ्रैक्चर हो गया है। राम सिंह मुंडा फिलहाल जमशेदपुर भाजपा में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के मीडिया प्रभारी हैं। वह महानगर भाजपा में कई पदों पर भी रह चुके हैं।

बताया जाता है कि राम सिंह मुंडा मंगलवार की सुबह करीब सात बजे सोपोडेरा स्थित अपने आवास से केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा से मिलने घोड़ाबांधा स्थित उनके आवास जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अपराधियों ने उनकी बाइक रुकवाई और हमला कर दिया। इस हमले में उनके शरीर के अन्य भागों में भी चोटें आई हैं।

राम सिंह मुंडा ने बताया कि हमलावर बाइक पर आए थे और मारपीट की घटना को अंजाम देने के बाद बाइक से फरार हो गये। घायल राम सिंह को खासमहल स्थित जमशेदपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
राम सिंह मुंडा ने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है। यह हमला उनके राजनीतिक विरोधियों ने करवाया है। मामले की सूचना परसुडीह थाना को दे दी गई है।


