देवघर: देवघर में अपराधी बेख़ौफ़ हो गए हैं। गुरुवार शाम करीब 7:45 बजे मोहनपुर थाना क्षेत्र के रमजोरिया के पास मैथन टीएमटी सरिया कंपनी के सेल्समैन की अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मृत युवक का नाम नृपेंद्र सिंह था। वह नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया मुहल्ले का रहने वाला था। वह मूल रूप से बिहार के बांका जिले के कटोरिया थाना के सिताने गांव का रहने वाला था। वर्तमान में वह देवघर में रहकर मैथन टीएमटी सरिया कंपनी में सेल्समैन का काम करता था। गुरुवार शाम वह अपनी मोटरसाइकिल से गोड्डा की ओर से देवघर अपने घर आ रहा था। उसी दौरान मोहनपुर थाना क्षेत्र के रमजोरिया के समीप अपराधियों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
युवक के पेट में दो गोली मारी गई है। मोहनपुर पुलिस को सूचना मिलने के बाद पुलिस द्वारा उसे घायलावस्था में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना को किस कारण अंजाम दिया गया है। इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी धनंजय कुमार सिंह सदर अस्पताल व घटनास्थल पर पहुंचे। जहां उन्होंने परिजनों से मामले की जानकारी ली। साथ ही घटनास्थल का मुआयना कर मामले की छानबीन भी की। परिजनों के अनुसार उसकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों द्वारा लूट की घटना को अंजाम देने की कोशिश करने के क्रम में उसे गोली मारी गई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।