
Deoghar: देवघर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री द्वारा जानकारी दी गई है कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ई-पास की सुविधा शुरू कर दी गई है।

डीसी ने बताया कि बाबा का दर्शन करने के लिए https://darshan.babadham.org पर लॉगिन कर अपना पंजीकरण करना होगा। जिसके बाद मिलने वाले पास के जरिये बाबा बैद्यनाथ का दर्शन श्रद्धालु कर सकेंगे। साथ ही एक व्यक्ति चार लोगों के लिए अधिकतम ई-पास निर्गत करा सकता है। इसके अलावे दिए गए समय के आधे घंटे पहले श्रद्धालुओं को अपना निर्गत पास लेकर मानसिंघी फुट ओवर ब्रिज के समीप पहुँचना होगा, ताकि स्वास्थ्य संबंधी मानको का जांच करते हुए श्रद्धालुओं को ओवर ब्रिज के माध्यम से मंदिर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

डीसी ने कहा कि वर्तमान में सिर्फ ई-पास लेकर आने वाले श्रद्धालुओं को ही बाबा बैद्यनाथ के दर्शन की अनुमति होगी। वहीं, कोविड-19 के खतरे को देखते हुए बुजुर्ग, बीमार व्यक्ति, 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे, स्वास्थ्य लाभ ले रही महिलाओं से अपील करते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा है कि वर्तमान में समय की नजाकत को देखते हुए अभी बाबा मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गयी है।
जानकारी हो कि राज्य सरकार के निदेशानुसार ई-पास की सुविधा के अलावा सीमित संख्या में नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश करने की इजाजत दी गई हैं।


