Madhupur (Deoghar): रेलकर्मी की पत्नी से दुष्कर्म के आरोपी रेलकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी रेलकर्मी की गिरफ्तारी उसके ससुराल से हुई है।
आठ दिन पहले आरोपी रेलवे के ट्रैक मेंटेनर रामाधीन कुमार ने मधुपुर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी रनिंग रूम के पास रहने वाले एक रेलकर्मी की पत्नी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। घटना को लेकर पीड़िता ने गत बुधवार को महिला थाना में शिकायत की थी। जिसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपित रेलवे के ट्रैक मेंटेनर रामाधीन कुमार फरार था। वह अपने ससुराल में छुप कर रह रहा था।
पीड़िता के अनुसार मंगलवार की रात उसका पति अपने काम पर गया था। तभी आरोपी देर रात को दरवाजा तोड़कर उसके घर में घुस गया। महिला ने हो-हल्ला करने का प्रयास किया लेकिन आरोपित ने उसकी बच्ची को जान से मारने की धमकी दी। इस वजह से वह चुप रही। इसके बाद उसने जबरन दुष्कर्म किया और फरार हो गया।
इधर आदिवासी महिला से दुष्कर्म की घटना के बाद लोगों में उबाल देखा जा रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विभिन्न आदिवासी संगठन आंदोलित हो गए थे। आदिवासी संगठन बैठक कर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी प्रशासन को दी थी।
वहीं, आरोपी को पकड़ने के लिए देवघर एसपी धनंजय कुमार सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी एसडीपीओ आमोद नारायण सिंह की निगरानी में इंस्पेक्टर इंचार्ज मधुपुर मनोज कुमार मल्लिक, महिला थाना प्रभारी रेणू कुमारी, एसआई उमेश कुमार की तीन सदस्यीय टीम गठित की गई थी।पुलिस ने उसकी मोबाइल लोकेशन के आधार पर छापेमारी किया। आरोपी को टीम ने बाढ़ के गुलाबबाग से गिरफ्तार कर लिया।
इधर रेलवे ने विभागीय कार्रवाई करते हुए आरोपी को निलंबित कर दिया है।