
खिलाड़ी देश के भविष्य, इन्हें अच्छा अवसर प्रदान व संसाधन उपलब्ध कराना जरूरी:राजू

रामगढ़: शोतोकन कराटे डो फेडरेशन ऑफ इंडिया रामगढ़ शाखा की 13 सदस्यीय टीम मंगलवार को गुवाहाटी असम में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय सातवीं आईएसकेएफ नेशनल कराटे चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए रवाना हुए।

टीम में जिले के चंद्रप्रकाश उपाध्याय, बबलू नायक, सत्यम कुमार, शुभम कुमार, चंदन कुमार, अपूर्बो मुखर्जी, कृष सिन्हा, पीयूष कांत, गुनगुन हेमाका, मानसी, नैंसी सिंह, प्रवीण कुमार, ऋषि राज सिंह शामिल हैं। मौके पर झामुमो जिला उपाध्यक्ष राजू साव, कार्यालय प्रभारी राजेश गिरी, विमल कुमार, रामगढ़ जिला के कराटे प्रशिक्षक शशि पांडेय, राहुल पांडेय, अरुण साव, समेत अन्य लोगों ने टीम को शुभकामनाओं के साथ विदा किया।
टीम को रवाना करने के दौरान झामुमो के जिला उपाध्यक्ष ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा खिलाड़ी देश के भविष्य हैं। इन्हें अच्छा अवसर प्रदान करने के साथ साथ विभिन्न प्रकार के संसाधनों को उपलब्ध कराने की जरूरत है। उन्होंने कहा की क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। हमें केवल इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को चिन्हित करके उचित अवसर प्रदान करने की जरूरत है। जिला कराटे टीम को जिला के तमाम खेलप्रेमियों ने अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।


