
देवघर: देवघर एम्स के ओपीडी का उद्घाटन हो गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया व केंद्रीय स्वास्थ्य राजयमंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार ने ओपीडी का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस दौरान एम्स ओपीडी परिसर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रतिनिधि के रूप में राज्य के पर्यटन मंत्री हफीजुल हसन, गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे सशरीर मौजूद रहे।

देवघर एम्स ओपीडी सेवा शुरू होने से न सिर्फ देवघर व संथाल परगना वासियों को बल्कि देवघर से सटे बिहार व बंगाल के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।

25 अगस्त से एम्स ओपीडी में हर दिन 12 विशेषज्ञ डॉक्टर्स 200 रोगियों का इलाज करेंगे। सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक रजिस्ट्रेशन होगा। 30 रुपये फीस होगी। एक माह के अंदर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा मिलेगी। रजिस्ट्रेशन में एक बुक मिलेगा जिसमें मरीज के मेडिकल का सारा ब्योरा रहेगा। एक रजिस्ट्रेशन पर मरीज अधिक से अधिक रोगों का परामर्श ले सकेंगे। शाम पांच बजे तक मरीजों को देखेंगे डॉक्टर। ओपीडी में जांच चिकित्सीय परामर्श व दवाइयां मरीजों को दी जाएँगी। दवाओं पर 60 फीसदी तक छूट मिलेगी। ओपीडी में 15 बेड का डे केयर मरीज की सुविधा होगी। जबकि रविवार को ओपीडी सेवा नहीं रहेगी।


