रांची: गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे (MP Nishikant Dubey) की पत्नी अनामिका गौतम (Anamika Goutam) ने देवघर डीसी (Deoghar DC) के आदेश के खिलाफ हाई कोर्ट (High Court) में गुहार लगाई है।
देवघर डीसी ने अनामिका गौतम की कंपनी धन्यभूति इंटरप्राइजेज के नाम से खरीदी गई जमीन का म्यूटेशन रद्द करने का आदेश दिया है। अनामिका गौतम ने हाई कोर्ट से देवघर डीसी के आदेश को रद्द करने की मांग की है।
याचिका में अनामिका गौतम ने कहा है कि देवघर डीसी की ओर से उनकी भूमि के संबंध में लिया गया निर्णय गलत है। इसलिए इस आदेश को रद्द किया जाना चाहिए। उन्होंने अदालत से गुहार लगाई है।
याचिका पर सोमवार को झारखंड हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद अदालत ने अगली सुनवाई के लिए मंगलवार की तिथि निर्धारित की है।
गौरतलब है कि गोड्डा के भाजपा सांसद डॉ निशिकांत दुबे की पत्नी अनामिका गौतम की कंपनी धन्यभूमि इंटरप्राइजेज के नाम पर रजिस्टर्ड करीब 31 एकड़ की जमीन का म्यूटेशन रद्द करने का आदेश देवघर डीसी ने पिछले दिनों दिया है। उक्त भूमि देवघर जिले के देवीपुर के होड़ाकुरा मौजा में स्थित है। जमीन का खाता नंबर पांच और छह है, जिसका कुल क्षेत्रफल 30.9 एकड़ है। इस जमीन का मामला काफी दिनों से देवघर डीसी के न्यायालय में चल रहा था। इस पर डीसी ने फैसला सुनाते हुए म्यूटेशन रद्द करने का निर्णय किया था। इसके बाद अनामिका ने यह याचिका दायर की है।