Ranchi: झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के मरीजों में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। गुरुवार को 27 के मुकाबले आज राज्य में 56 नए मरीजों की पहचान हुई। हालांकि इस दौरान 13 जिलों में एक भी संक्रमित नहीं मिला है। राज्य में कोरोना से किसी मरीज की मौत भी नहीं हुई है।
शुक्रवार सुबह बताया गया कि झारखंड में 24 घंटों के दौरान 34 मरीज स्वस्थ हुए हैं। नए मरीजों में गढ़वा से 19, रांची से 11, बोकारो से नौ, कोडरमा से चार और धनबाद से तीन लोग शामिल हैं। देवघर, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर ), लातेहार और साहेबगंज में से हर जिले में दो नए मरीज मिले, जबकि लोहरदगा और रामगढ़ में एक- एक नए मरीज की पहचान हुई है।
इन मरीजों के साथ राज्य में अब कुल संक्रमितों की संख्या तीन लाख,47 हजार,105 हो गयी है। इनमें से तीन लाख, 41 हजार, 720 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक पांच हजार, 126 मरीजों की कोरोना से मौत हो गई है। राज्य में अब तक एक करोड़, 15 लाख, 53 हजार, 805 सैंपल की जांच की गई है। इनमें 259 सक्रिय मरीज मिले। झारखंड में कोरोना की रिकवरी रेट 98.44 प्रतिशत है।