रांची: रांची के सांसद संजय सेठ ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर झारखंड के सभी मंदिरों को खोलने का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में सेठ ने कहा है कि कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से उबरने के बाद हम धीरे-धीरे अनलॉक की तरफ बढ़ रहे हैं। राज्य सरकार ने सिनेमा हॉल, शॉपिंग मॉल, पार्क, जिम एवं बस परिचालन शुरू करने की अनुमति भी दे दी है। अब तक मंदिरों को श्रद्धालुओं के लिए बंद ही रखा गया है जबकि देश के अधिकतर राज्यों में श्रद्धालुओं के लिए मंदिर खोल दिए गए हैं। इसमें कोरोना को लेकर सरकारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया गया है। साथ ही श्रद्धालुओं को लेकर भी सरकार के द्वारा संख्या व अन्य आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
सेठ ने कहा है कि सरकारी निर्देशों का पालन करते हुए रांची सहित राज्य के सभी मंदिरों को श्रद्धालुओं के लिए खोलने की अनुमति दी जाए। इस विषय में मंदिर में दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या सुनिश्चित करने एवं कोरोना संक्रमण से बचाव के अन्य निर्देशों का भी पालन सख्ती से हो, इसका ध्यान रखा जाए। सांसद ने विश्वास जताया है कि इस विषय पर मुख्यमंत्री गंभीरतापूर्वक विचार कर सार्थक पहल करेंगे।