
धनबाद: मनियाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत शीतलपुर गांव में चिमनी भट्ठे के लिए बनाए गए गड्ढे में डूबने से दो जुड़वा भाइयों की मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने पिता के पीछे-पीछे खेत चले गए थे। इसी दौरान यह घटना घट गई। काफी खोजबीन के बाद दोनों बच्चे का शव गड्ढे में मिला।

बताया जाता है कि शीतलपुर गांव निवासी रोहित सिंह सोमवार की अहले सुबह पास ही अपने खेत में धान का बिचड़ा डालने जा रहे थे। इसी दौरान करीब छह वर्षीय उनके जुड़वा बेटे लव और कुश उनके पीछे चल दिए।

इस बात की जानकारी रोहित को नहीं थी। बिचड़ा डालने के बाद जब रोहित वापस घर लौटे तो उनकी पत्नी ने दोनों बेटों के बारे में पूछा। इसके बाद दोनों बच्चों की तलाश शुरू हुई। पूरा गांव गायब हुए दोनों भाइयों को ढूंढने में लग गया।
लेकिन कही भी उन बच्चों का पता नही लगा। तब बच्चे की माँ ने खेत की ओर उन्हें ढूंढने की बात कही। इसके बाद खेत के रास्ते में ईंट बनाने के लिए बनाए गए गड्ढे के पास बच्चे के पांव के निशान दिखाई दिया। इसके बाद गांव के लोगों ने उस गड्ढे में छलांग लगा दी, जहां दोनों बच्चे डूबे हुए पाए गए।



