
रांची : झारखंड की हेमंत सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए आंशिक लॉकडाउन की अवधि एक बार फिर से बढ़ा दी है। अब राज्य में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह 27 मई की सुबह 6 बजे तक रहेगी।

झारखंड सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बुधवार को हुई। बैठक में 13 मई की सुबह 6 बजे खत्म हो रहे स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह को 2 सप्ताह और बढ़ाने का फैसला हुआ। इस दौरान 16 मई की सुबह 6 बजे से पूर्व से जारी प्रतिबंधों के अतिरिक्त नये प्रतिबंध भी प्रभावी होंगे, ताकि कोरोना संक्रमण से राज्य को मुक्त किया जा सके। वहीं, आवश्यक वस्तुओं पर पहले की तरह ही छूट जारी रहेगी।
- lockdown के दौरान आगामी 16 मई से शादी समारोह में लोगों की उपस्थिति पर कड़ाई की गयी है। शादी समारोह अपने घरों में या कोर्ट में संपन्न होगा। अब शादी समारोह में सिर्फ 11 लोग ही शामिल हो पायेंगे। वहीं, इस अवसर पर किसी प्रकार का आयोजन प्रतिबंधित रहेगा।
- इसके अलावा इंटर स्टेट और इंटर डिस्ट्रिक्ट बस संचालन बंद होगा। वहीं, निजी वाहनों को राज्य या जिला से बाहर जाने के लिए पास लेना होगा।
- राज्य के बाहर से आने वाले सभी लोगों को 7 दिनों के होम आइसोलेशन में रहना अनिवार्य होगा। लेकिन, यह वैसे लोगों पर लागू नहीं होगा जो 72 घंटे के अंदर राज्य से बाहर चले जायेंगे।
- हाट- बाजार में लोगों की भीड़ ना हो, इसके लिए सोशल डिस्टैंसिंग समेत कोरोना गाइडलाइन को कड़ाई से पालन किया जायेगा।

इस दौरान मेडिसिन, हेल्थ केयर, मेडिकल सामान वाले दुकानें ही खुली रहेंगी। जबकि अन्य दुकानें दोपहर 2 बजे के बाद बंद रहेंगी। यह व्यवस्था आगामी 27 मई तक रहेगी। इसके बाद राज्य सरकार कोरोना संक्रमण की समीक्षा के बाद आगे का निर्णय लेगी।
इस बैठक में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आय़ुक्त-सह-अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह, सचिव विनय कुमार चौबे और सचिव अमिताभ कौशल मौजूद थे।



