मधुपुर (देवघर)

मधुपुर विधानसभा उपचुनाव दिलचस्प हो गया है। सीधे तौर पर मुकाबला भाजपा और जेएमएम के बीच है। ऐसे में जेएमएम प्रत्याशी के समर्थन में CM हेमन्त मधुपुर में कैम्प कर रहे हैं।

शनिवार को मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के लखनगढ़िया मैदान में महागठबंधन प्रत्याशी हफीजुउल हसन के पक्ष में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारे मार्गदर्शक झारखंड मुक्ति मोर्चा के कद्दावर नेता और आंदोलनकारी हाजी हुसैन अंसारी के असामयिक निधन से मधुपुर सीट खाली हुआ है। हाजी हुसैन के सम्मान और श्रद्धांजलि स्वरूप हमने उनके पुत्र हफीजुल को मंत्री और प्रत्याशी बनाया है। अब विधायक बनाने का काम जनता को करना है।

सीएम ने कहा कि मधुपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने दलबदलू नेता के बदौलत, इंपोर्ट किए गए बोरो को प्रत्याशी के रूप में खड़ा किया है। प्रत्याशी का प्रचार करने वाले भी दलबदलू हैं। प्रचार प्रसार के लिए घूमने फिरने वाले 90 प्रतिशत दलबदलू जिनके घर द्वार का अपना ठिकाना नहीं। वह मधुपुर की जनता को सिखाने आए हैं। इनलोगों को 17 अप्रैल को मुंहतोड़ जवाब देना है।
उन्होंने कहा कि गोवा, लंदन और भागलपुर से आए लोग मधुपुर को चारागाह बनाना चाहते हैं। जिसका अपना पेंदी का ठिकाना नहीं, जहां-तहां उलट-पुलट करते रहते हैं।
सीएम ने कहा डबल इंजन की सरकार ने सिर्फ जनता को लूटने का काम किया। भाजपा के लोगों को अमन शांति पसंद नहीं। भाजपा के लोग जनता का वोट खरीदने, एमएलए और एमपी को साग सब्जी की तरह खरीदने की कोशिश करते हैं। हर चीज को बिकाऊ समझ लिया है। लोकतंत्र की रक्षा के लिए ऐसे लोगों को वोट से मुंहतोड़ जवाब देना होगा।
हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा इस राज्य के लिए लड़ी है और झारखंड के लिए ही मरेगी। जनता की सेवा और रक्षा हमारी प्राथमिकता है। सरकार का दायित्व सभी को समान दृष्टि से देखना है।सबको मकान अनाज और कपड़ा जरूरी है।
सिंचाई, सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और रोजगार हमारी सरकार की प्राथमिकता है।
हमारे प्रतिद्वंदी सिर्फ द्वेष, घृणा फैलाने में व्यस्त हैं। बहुत सारे लोग भाई, चाचा, मामा, काका बनकर वोट मांगने आएंगे।
मधुपुर उप चुनाव का मतदान 17 अप्रैल को होना है। क्षेत्र की जनता भारी मतों से महागठबंधन के प्रत्याशी हफीजुल अंसारी को तीर-घनुष छाप में वोट दें। 2 मई को वोटों की गिनती है। वोटों की गिनती के दिन झारखंड मुक्ति मोर्चा भारतीय जनता पार्टी को ऐसी गिनती और पहाड़ा सिखाएगी और पढ़ाऐगी कि जिंदगी में ना कभी लिखा होगा और ना कभी सीखा होगा।


