

मधुपुर (देवघर)

मधुपुर विधानसभा उपचुनाव में महागठबंधन प्रत्याशी मंत्री हफीजुल हसन के समर्थन में कांग्रेस के कद्दावर नेता सह पूर्व मंत्री कृष्णानंद झा चुनावी समर में कूद गए हैं। इसकी शुरुआत उन्होंने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार को कुशमिल गांव से की। इसी क्रम में उन्होंने समर्थकों के साथ शंकरीगली, राजाडीह, मथुरापुर, मसनजोरा, चपरिया, सिमरा, खसपेका, बाँसवरिया और देर शाम चांदडीह आकर हटिया मैदान में राज्य के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख के साथ मंच साझा कर लोगों को संबोधित किया।

मधुपुर से 1980 से 1990 तक तीन बार विधायक रह चुके के.एन. झा ने लोगों से हफीजुल हसन को भारी मतों से जीत दिलाने की अपील की। वहीं भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि बीजेपी अवसरवादी पार्टी है। जिसने अपने कार्यकर्ता का अपमान करते हुए पिछले चुनाव में पार्टी को पराजित करने वाले व्यक्ति को टिकट दे दिया है। इससे प्रमाणित होता है कि सत्ता पाने के लिए भाजपा कुछ भी कर सकती है। जो पार्टी अपने कार्यकर्ता का नहीं हुआ वह अवाम का क्या होगा।

जीत का दावा
के एन झा ने महरूम हाजी हुसैन अंसारी को बेहतर व नेकदिल इंसान बताते हुए कहा कि मेरा मानना है कि उनका लड़का जो हम सबका प्यारा है, चुनाव जीत चुके हैं। वहीं, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने इस उपचुनाव को सरकार की प्रतिष्ठा से जोड़ते हुए लोगों से समर्थन मांगा।



