

मधुपुर।

MADHUPUR BY POLL 2021: सूबे के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मधुपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के कई बहुरूपिया आएंगे। लेकिन जब मधुपुरवासियों का दर्द छलकता है तो उसको कोई पूरा नहीं कर पाता है।
मधुपुर को जिला बनाने की मांग होगी पूरी: बादल

उन्होंने कहा कि सभी को विश्वास दिलाता हूं जो वर्षों से मधुपुरवासियों की मांग मधुपुर को जिला बनाने की है, उसे जल्द अमलीजामा पहनाया जाएगा। 18 साल तक एनडीए की सरकार ने शासन किया है। लेकिन आज तक मधुपुरवासियों को सम्मान नहीं मिला। दिवंगत हाजी साहब का जो सपना था वर्तमान गठबंधन की सरकार हर एक सपने को पूरा करेगी। हर चीजों पर विचार भी करेंगे और जब खुद हेमंत सोरेन यहां पर आएंगे जनता की समस्या से और ज्यादा रूबरू होंगे। हेमंत सोरेन पर लोगों को विश्वास है।
सभी का रिपोर्टकार्ड जनता के पास: बादल
मंत्री बादल ने कहा कि बेरमो व दुमका के उपचुनाव में भाजपा नेताओं द्वारा इसी तरह का दुष्प्रचार किया जा रहा था। अब बारी मधुपुर की है। हम किसी भी दुष्प्रचार का जवाब देने में सक्षम हैं। हमलोगों की अपने- अपने विभाग की अपनी-अपनी उपलब्धियां है। विपक्ष ने 18 सालों तक प्रदेश पर राज किया है। उनलोगों ने क्या किया है किसी से छुपा हुआ नहीं है। जबकि हेमंत सरकार के कार्यकाल में खासकर कोरोना काल में न चुनौतिपूर्ण काम किया। सभी का रिपोर्टकार्ड जनता के पास है। विपक्ष की दलील के सामने हमारा दलील ज्यादा मजबूत है। जनता को आकड़ों के आधार पर देखना पड़ेगा कि किसने हमारे दुख-दर्द में साथ दिया।
युवाओं का साथ हफीजुल के साथ: बादल
बादल ने कहा कि मधुपुर के लोगों का विश्वास जिस प्रकार महागठबंधन, हाजी साहब, फुरकान अंसारी, कृष्णानंद झा और चुन्ना सिंह पर था। आज वही विश्वास हफीजुल के साथ भी है। सभी वर्ग, संप्रदाय, समाज के लोगों का विश्वास हमारे प्रत्याशी के साथ है। युवाओं का साथ हफीजुल के साथ है। तेजेस्वी यादव, प्रदीप यादव, संजय यादव,सत्यानंद भोक्ता सब सरीखे नेता का आगमन यहां होगा।

समन्वय समिति के बैठक पर उन्होंने कहा कि जिस मुद्दे को लेकर सरकार बनी है उसको आगे ले जाने के लिए हम लोग क्या क्या प्रयास किया है। जितने वादे किए गए थे। उसमें क्या कदम उठाया। किसानों के ऋण माफी और रोजगार के क्षेत्र में हम लोगों ने क्या किया वह जनता को बताना है। किसानों के कर्ज माफी पर हम लोगों ने क्या किया है उसकी जानकारी घर-घर तक पहुंचाना है।



