
Deoghar: देवघर पुलिस साइबर ठगी के आरोपितों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसके तहत साइबर ठगी के आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। इस अभियान के तहत शुक्रवार को एक साइबर आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने उसके पास से साइबर ठगी के तीन लाख 82 हजार 320 रूपये नकद, एक मोबाइल और 10 सिमकार्ड बरामद किया है। जेल गये साइबर आरोपित का नाम साजिद अंसारी है जो करौं थाना क्षेत्र के जगाडीह का रहने वाला बताया जाता है। पुलिस ने उसे पथरौल थाना क्षेत्र के झिलुआ के पास से गिरफ्तार किया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी की पथरौल थाना क्षेत्र के झिलुआ के पास संदिग्ध साइबर अपराधी उपस्थित हैं। जो बंगाल से फर्जी सिम तथा साइबर ठगी किये गये रूपये की निकासी कर साइबर ठगों तक पहुंचाते हैं। उक्त सुचना पर छापेमारी के लिये पुलिस टीम झिलुआ पुल के पास पहुंची। पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा।
जवानों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। उसके कंधे पर एक बैग था। जब पुलिस ने उक्त बैग की जांच की उसमें एक पोलिथिन में लपेटा हुआ नकदी और फर्जी सिमकार्ड बरामद किया गया। रूपये के बारे में जब पुछताछ की गयी तो उसने पुलिस के समक्ष बताया कि यह रूपया साइबर ठगी का है।
वह बंगाल से सिमकार्ड लाकर साइबर ठगों को भी सप्लाई करता हैं।



