रांची।
आज पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मना रही है। इसी कड़ी में झारखंड की राजधानी रांची में कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद ने भी महिला दिवस को पूरे जोश के साथ मनाया। दरअसल, सोमवार को कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद घोड़े पर सवार होकर विधानसभा पहुंचीं। महिला विधायक को घोड़े पर सवार देख सभी विधानसभा के बाहर सभी लोग हैरान थे। वहीं, जब उनसे घोड़े पर सवार होकर विधानसभा पहुंचने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि यह घोड़ा उन्हें उपहार में मिला है।
हजारीबाग के बड़कागांव की विधायक अंबा प्रसाद आज झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में भाग लेने के लिए घोड़े पर बैठकर पहुंची। विधानसभा पहुंचते ही सारे मीडियाकर्मियों के कैमरे उनकी ओर घूम गए।
उन्होंने कहा, 'यह घोड़ा मुझे अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कर्नल (सेवानिवृत्त) रवि राठौर द्वारा उपहार में दिया गया है।'
Jharkhand: Congress MLA Amba Prasad arrives at the Assembly riding a horse in Ranchi.
"This horse has been gifted to me by Colonel (retired) Ravi Rathore on the occasion of #InternationalWomensDay," she says. pic.twitter.com/fwBnoAzAuG
— ANI (@ANI) March 8, 2021
बता दें कि इंटरनेशनल पोलो ग्रुप ने अंबा प्रसाद को झारखंड में घुड़सवारी के खेल का ब्रांड एंबेस्डर बनाया है। इसी के तहत आज महिला दिवस पर अंबा प्रसाद भारतीय नस्ल के घोड़े पर बैठकर विधानसभा पहुंची। इंटरनेशनल पोलो ग्रुप ने अंबा प्रसाद को लिखे पत्र में कहा है कि आप झारखंड में युवाओं का प्रतिनिधित्व करती हैं। आप खेल को लेकर उत्साही हैं। पोलो खेल में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित और रिटायर्ड आर्मी कर्नल रवि राठौर ने आज अंबा प्रसाद को यह घोड़ा पोलो ग्रुप की ओर से भेंट किया।
इधर, आज महिला दिवस के अवसर पर अंबा ने विधवा महिलाओं को एक तोहफा दिया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समस्त महिलाओं का सह्रदय अभिनंदन। इस अवसर पर अंबा फाउंडेशन के पहले प्रोजेक्ट की शुरुआत 115 गरीब विधवा महिलाओं को स्थानीय रोजगार व 9000 रुपये प्रति माह रुपया सुनिश्चित करके की गई है। कालांतर में इससे अन्य युवाओं, महिलाओं, स्थानीय लोगों को जोड़ा जाएगा।