मधुपुर

BJP के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने मंगलवार को अग्रसेन भवन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए मधुपुर तीर्थ स्थल के समान है। मधुपुर में पार्टी के महान विचारक चिंतक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का आवास रहा है। कश्मीर भारत का अभिन्न अंग बने इसके लिए उन्होंने अपना बलिदान दिया है। मधुपुर में 7 मंडलों की बैठक में रहने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मंडल के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करने का मौका मिला। मधुपुर उप चुनाव की घोषणा कभी भी हो सकती है।मधुपुर में भारतीय जनता पार्टी चुनाव लड़ेगी और भाजपा की जीत यहां सुनिश्चित होगी।

BJP के कार्यकर्ता यहां पिछली हार का बदला लेने के लिए बेचैन है। यह चुनाव झारखंड की राजनीति में करवट दिलाने वाला चुनाव साबित होगा। मधुपुर विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने के लिए लोकतंत्र का हनन करते हुए ऐसे व्यक्ति को बिना विधायक चुने मंत्री बनाया गया। जिनके परिजनों पर हज हाउस घोटाला का मामला है। भारतीय जनता पार्टी सरकार से मांग करती है कि इस पूरे हज हाउस घोटाले को सार्वजनिक कर बताए कि इस मामले में दोषी पर क्या कार्यवाही हुई। झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस में वंशवाद हावी है। दुमका और बेरमो चुनाव के बाद अब मधुपुर में भी पार्टी नेता के बेटे को चुनाव लड़ाने की तैयारी है।

जेएमएम और कांग्रेस में कार्यकर्ताओं का सिर्फ स्वार्थ के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इन दोनों पार्टी के भारी संख्या में कार्यकर्ता जल्द ही भाजपा में शामिल होंगे। पिछले चुनाव में महागठबंधन के नेताओं ने मुंगेरीलाल के हसीन सपने को दिखाकर मधुपुर में अपने प्रत्याशी को जिताने का काम किया लेकिन 14 -15 महीने में झारखंड के साथ मधुपुर की जनता ठगी महसूस कर रही है। पिछली सरकार में विकास योजनाओं की रोशनी से जनता को बड़ी राहत मिली थी। सड़क ,बिजली, पानी स्वास्थ्य जैसी आधारभूत सुविधा लोगों को मुहैया कराया गया था। मधुपुर में कई विकास योजनाएं धरातल पर उतरी थी लेकिन इस सरकार ने पिछले सरकार की सारी योजनाओं को बंद कर दिया। यह सरकार किसान और महिला विरोधी सरकार है। किसानों को डीवीटी के माध्यम से मिलने वाली सहायता उज्जवला गैस योजना, 1रुपया में महिलाओं के नाम 50 लाख जमीन की रजिस्ट्री आदि योजनाओं को इस सरकार ने बंद करा दिया।

राज्य में अधिकारियों की ट्रांसफर पोस्टिंग कारोबार का रूप ले चुकी है। बालू, कोयला सहित खनिज संपदा ओं की लूट धड़ल्ले से हो रही है । खनिज संपदा की तस्करी में परिवार के लोग शामिल हैं। जमीन की लूट में संरक्षण दिया जा रहा है। महिलाओं के बलात्कार और हत्या के मामले में झारखंड पूरे देश में अग्रणी हो गया है। विधि व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अपराधिक गतिविधियां तेज हो गई। मधुपुर चुनाव को लेकर अधिकारियों को तेजी से ट्रांसफर पोस्टिंग किया जा रहा है। अधिकारियों को यह बताना चाहता हूं कि सरकार आती और जाती है ।अधिकारी सत्ताधारी दल के एजेंट के रूप में काम नहीं करें अन्यथा इसका खामियाजा भविष्य में उन्हें भुगतना पड़ेगा।
झारखंड में सरकार नहीं सर्कस है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता किसी भ्रम में नहीं रहे मधुपुर से भारतीय जनता पार्टी चुनाव लड़ेगी। मौके पर पूर्व मंत्री सह प्रदेश उपाध्यक्ष राज पलिवार, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष किसलय तिवारी, जिला प्रभारी बबलू भगत, जिला महामंत्री अधीर चंद्र भैया, संजय यादव समेत कई लोग उपस्थित थे




