रांची।

रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) के जवान इन दिनों रेल यात्रियों की बढ़-चढ़कर मदद कर रही है। रांची रेलवे स्टेशन पर हाल में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिसमें आरपीएफ की मेरी सहेली टीम ने यात्रियों की सहायता की। ताज़ा वाक्या एक बच्चे से जुड़ा है।

दरअसल, मंगलवार को दरभंगा-सिकंदराबाद ट्रेन में एक तीन साल का बच्चा भूख और पेट दर्द की शिकायत से रो रहा था। ट्रेन जब रात में करीब 9 बजे रांची रेलवे स्टेशन पहुंची तो बच्चे के पिता मोहम्मद मासूम ने अपनी परेशानी से महिला SI चन्द्रानी विश्वास और कर्मी को अवगत कराया। पिता से बच्चे की समस्या सून मेरी सहेली टीम तुरंत एक्टिव हुई।

महिला अधिकारी चन्द्रानी विश्वास और कर्मी ने तुरंत बच्चे के लिए गर्म दूध उपलब्ध करवाया। साथ ही रांची स्टेशन सुप्रिटेंडेंट और रेलवे डॉक्टर को तुरंत बच्चे की समस्या बताई ताकि बच्चे को हो रहे पेट दर्द की परेशानी को दूर किया जा सके। लेकिन, काफी कम समय होने की वजह से रांची स्टेशन पर चिकित्सक आने में सक्षम नहीं थे, इसलिए ट्रेन को हटिया रेलवे स्टेशन पर रोका गया। जहां रेलवे डॉक्टर ने बच्चे को अटेंड किया और मेडिकल ट्रीटमेंट ज़रूरत अनुसार दी गयी। जिसके बाद ट्रेन रवाना हुई।
बच्चा पूरे रास्ते स्वस्थ्य रहा, जिसको लेकर बच्चे के पिता ने फ़ोन कर रेल कर्मियों के इस कार्य की सराहना की और महिला अधिकारी व कर्मी को धन्यवाद कहा।


