

रांची।

चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राजद प्रमुख लालू यादव की तबीयत बिगड़ गई है। डॉक्टरों के मुताबिक, उन्हें निमोनिया है और सांस लेने में भी परेशानी हो रही है। उनकी हालत को देखते हुए मेडिकल टीम ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली AIIMS रेफर किया है।

चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू यादव रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (RIMS) में भर्ती थे। गुरुवार शाम 7 बजे लालू प्रसाद को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। उनकी हालत बिगड़ने पर 8 सदस्यीय मेडिकल टीम ने लालू की हेल्थ और उनकी रिपोर्ट की समीक्षा की थी। इसके बाद टीम ने लालू को दिल्ली भेजने की सिफारिश की। शनिवार शाम को लालू यादव को दिल्ली ले जाया गया।
लालू प्रसाद यादव को रिम्स के पेइंग वार्ड से रांची के भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट कार्डियक एम्बुलेंस से ले जाया गया। इस दौरान एंबुलेंस में उनके साथ बड़ी बेटी मीसा भारती मौजूद थीं। वहीं तेजस्वी यादव और पत्नी राबड़ी देवी एंबुलेंस के रवानगी से पूर्व ही एयरपोर्ट के लिए निकल चुकी थी।
शुक्रवार को लालू यादव की अलग-अलग जांच कराई गई थी। इसमें इको कार्डियोग्राफ, एक्स-रे, न्यूमोनिक, कोविड, ब्लड, USG KUBP और HRCT शामिल है। इसमें निमोनिया के अलावा सारी रिपोर्ट सामान्य आई थीं। लेकिन, HRCT और KUBP से फेफड़ों में संक्रमण का पता चला है। हालाँकि शनिवार शाम जारी हेल्थ बुलेटिन में उनकी हालत स्थिर बताई गई। उनका कोविड टेस्ट भी निगेटिव आया।
लालू यादव की खराब सेहत की जानकारी मिलते ही सबसे पहले बेटी मीसा भारती और दामाद शुक्रवार दोपहर में रिम्स के पेइंग वार्ड पहुंच गए थे। वहीं शाम को चार्टर्ड फ्लाइट से दोनों बेटा तेजप्रताप यादव, तेजस्वी यादव और पत्नी राबड़ी देवी भी रिम्स पहुंची थी। लालू यादव के बेटे तेजस्वी शनिवार दोपहर 3.20 बजे RIMS पहुंचे थे। उन्होंने बताया था कि लालू यादव के फेफड़ों में संक्रमण है। उनकी हालत में भारी गिरावट आई है।
करीब ढाई साल से RIMS में लालू यादव का इलाज चल रहा था।




