

चाईबासा।

चाईबासा पुलिस और CRPF-60 बटालियन ने टेबो थाना क्षेत्र से पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट आफ इंडिया (PLFI) के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बाइक से भाग रहे थे, इसी दौरान सुरक्षाबलों ने इन्हें खदेड़ कर पकड़ा। रविवार को पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।

गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से एक देसी बंदूक भी बरामद की गई है। गिरफ्तार उग्रवादियों में सिरका तोपनो और प्रभू सहाय पूर्ति शामिल है। दोनों उग्रवादियों पर PLFI के मोदी उर्फ हरसिंह सांडी पूर्ति दस्ते के साथ संवेदकों और ईंट भट्ठा मालिकों से लेवी वसूलने का आरोप है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टेबो थाना क्षेत्र के लोवाहातू जंगल के आसपास के क्षेत्रों में PLFI का मोदी उर्फ हरसिंह सांडी पूर्ति दस्ते के 8-10 उग्रवादियों के साथ घूम रहा है। इस सूचना के बाद चाईबासा पुलिस व CRPF-60 की एक टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान लोवाहातू के जंगली क्षेत्र में बाइक से भाग रहे सिरका तोपनो और प्रभू सहाय पूर्ति को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी बंदूक, एक बाइक, एक वायरलेस सेट, 10 मोबाइल और लेवी वसूलने का पर्चा बरामद किया है।




