Srinagar: जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से शुक्रवार को 6,159 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था रवाना हुआ। अब तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को कहा, “एक लाख से अधिक भक्त इस साल अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं, जबकि 6,159 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था शुक्रवार को घाटी के लिए भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ है। इनमें से 2037 तीर्थयात्री बालटाल आधार शिविर जा रहे हैं, जबकि 4122 पहलगाम आधार शिविर जा रहे हैं।”
बालटाल मार्ग का उपयोग करने वाले तीर्थयात्रियों को गुफा मंदिर तक पहुंचने के लिए 14 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है। वे मंदिर में ‘दर्शन’ करने के बाद उसी दिन आधार शिविर लौट आते हैं। पारंपरिक पहलगाम मार्ग का उपयोग करने वालों को गुफा मंदिर तक पहुंचने के लिए 4 दिनों के लिए 48 किमी की यात्रा करनी पड़ती है। दोनों मार्गो पर श्रद्धालुओं के लिए हेलीकाप्टर सेवा भी उपलब्ध है।
गुफा मंदिर समुद्र तल से 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। अमरनाथ यात्रा 30 जून को शुरू हुई और रक्षा बंधन त्योहार के साथ श्रावण पूर्णिमा पर समाप्त होगी।