
कुपवाड़ा

कुपवाड़ा जिले के मुख्य बाजार में लगाये गये विशेष नाके के दौरान पुलिस ने दो भाइयों को पकड़ा है। दोनों के कब्जे से छह ग्रेनेड बरामद हुए हैं। पुलिस इस संबंध में दोनों से पूछताछ कर रही है।
गुरुवार सुबह पुलिस को कुपवाड़ा बाजार में कुछ आतंकी गतिविधि की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने अन्य सुरक्षाकर्मियों के साथ बाजार में एक विशेष नाका स्थापित किया।

इस दौरान सुरक्षाबल आने-जाने वाले सभी वाहनों तथा लोगों की तलाशी लेने लगे। इसी समय बाजार में प्रवेश करते हुए पुलिस ने दो युवकों को पूछताछ के लिए रोका। पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि वे खरीदारी के लिए बाजार जा रहे हैं। सुरक्षाबलों को दोनों की बातों पर शक हुआ और दोनों की तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से छह ग्रेनेड बरामद किए गए। पुलिस ने ग्रेनेड को अपने कब्जे में लेकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान 24 वर्षीय जहांगीर अहमद हाजम जो पेशे से दुकानदार है जबकि दूसरा 32 वर्षीय अब्दुल हमीद हाजम पेशे से ड्राइवर के रूप में हुई है। दोनों खैरपोरा टंगडार निवासी मंगता हाजम के पुत्र हैं। पुलिस ने इस बारे में जानकारी दी कि ये दोनों भाई किसी आतंकी संगठन के ओवरग्राउंड वर्कर हो सकते हैं। यह भी हो सकता है कि इन दोनों को किसी आतंकी वारदात का जिम्मा सौंपा गया था। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।



