
Ahmedabad : साबरमती जेल में हत्या के अपराध में बंद महिला कैदी के साथ दूसरी महिला कैदी ने मारपीट की। दूध लाने की मामूली बात पर विवाद बढ़ा, जिसके बाद मारपीट की गई।

हत्या के मामले में बंद महिला कैदी के साथ एक अन्य महिला कैदी ने बाल खींच कर मारपीट की और हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी। पीड़ित मुमताज की शिकायत पर राणिप पुलिस जांच में जुट गई है।

हत्या के अपराध में मुमताज पिछले एक साल से साबरमती जेल के कच्चे यार्ड बैरेक नंबर 9 में बंद है। वह पिछले 3 महीने से पूरे बैरेक के कैदियों का दूध और अन्य सामान लाने का काम करती है।
साथ ही बैरेक की देखरेख की जिम्मेदारी भी उसी पर है। इसी बैरेक में अमिना ऊर्फ डॉन मेहरखान पठाण भी बंद है। दोनों में पहले भी देर रात तक टीवी देखने को लेकर झगड़ा हो चुका है।
जेल सूत्रों के अनुसार मुमताज 23 जनवरी की शाम चार बजे के आसपास बैरेक की कैदियों के लिए दूध लेने जेल के मैट्रन में गई थी। यहां अमिना नामक महिला ने उसे दूध लेकर जाने से मना किया। अमिना ने अपने बैरेक की कैदियों के लिए दूध खुद ले जाने की बात कही।
इस बात को लेकर मुमताज और अमिना के बीच झगड़ा शुरू हो गया। पुलिस के अनुसार अमिना ने मुमताज का बाल खींच कर जमकर पिटाई की। हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी। मामले में मुमताज ने राणिप थाने में अमिना के विरुद्ध शिकायत की है। (HS)


