
Ahmedabad: पाटीदार नेता हार्दिक पटेल (Hardik Patel) गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। अहमदाबाद स्थित बीजेपी हेडक्वार्टर कमलम में हार्दिक पटेल, बीजेपी नेता नितिन पटेल, गुजरात इकाई के अध्यक्ष सीआर पाटिल व पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हुए। इससे पहले हार्दिक पटेल ने दावा किया कि कांग्रेस में कुछ और पाटीदार नेता हैं जो आने वाले समय में पार्टी का साथ छोड़ेंगे।

वहीं पार्टी में शामिल होने से पहले पाटीदार नेता ने कहा कि राष्ट्रहित, प्रदेशहित, जनहित एवं समाज हित के इस भगिरथ कार्य में आगे बढ़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो राष्ट्र सेवा का काम चल रहा है उसमें छोटा सा सिपाही बनकर काम करने के लिए नए अध्याय की शुरूआत कर रहा हूं। पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) देश के गौरव हैं।

हार्दिक ने कहा कि आजतक मैंने पद के लालच में कहीं भी किसी भी प्रकार की मांग नहीं रखी। कांग्रेस को भी मैंने काम मांगते हुए छोड़ा और बीजेपी में भी मैं काम करने की परिभाषा के साथ जुड़ रहा हूं। स्थान की चिंता कमजोर लोग करते हैं। मजबूत लोग कभी भी स्थान की चिंता नहीं करते हैं।


