
अहमदाबाद: आयकर विभाग (IT) ने गुरुवार सुबह अहमदाबाद के एसजी हाईवे पर दैनिक भास्कर समूह के गुजराती अखबार ‘दिव्य भास्कर’ के कार्यालय पर छापा मारा। टीम ने रात की पाली के कर्मचारियों को रोक लिया और लैपटॉप और मोबाइल जब्त कर समाचारों के डिजिटली प्रकाशन भी बाधित कर दिया था।

गुरुवार को सुबह करीब 5 बजे आईटी अफसरों के साथ पुलिस टीम ने छापा मारा। इस समय कार्यालय में डिजिटल न्यूज एप्लीकेशंस के कर्मचारी काम कर रहे थे। आईटी टीम ने सभी के मोबाइल फोन और लैपटॉप को जब्त कर उनसे करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ की। इस सारी कार्यवाही के बीच समाचारों के डिजिटली प्रकाशन को भी रोक दिया गया। आयकर के अधिकारियों ने लगभग डेढ़ घंटे के बाद कर्मचारियों को कड़ी निगरानी में काम करने की अनुमति दी। इन सभी के नाम, पता और फोन नंबर लेने के बाद पत्रकारों को घर जाने दिया गया।

इस कार्रवाई पर स्वतंत्र पत्रकार अवधेश ने कहा कि अगर आईटी अधिकारियों को जांच करनी थी तो वह वित्त, लेखा, विज्ञापन जैसे विभागों में करनी चाहिए थी। संपादकीय विभाग के कंप्यूटरों और दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाना और पत्रकारों को काम करने से रोकना यह साबित करता है कि यह सब बदले की भावना से किया गया है।(Agency)


