Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के सतसंग स्थित राजकीय कृत मध्य विद्यालय के सामने एक गुमटी के पास अहले सुबह 6 बजे के आसपास एक व्यक्ति को बम एवम गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक का नाम 52 वर्षीय लक्ष्मी प्रसाद यादव है जो कोरियासा का रहने वाला है।
बताया जाता है की वह रोज उक्त गुमटी पर सिगरेट और पेपर पढ़ने आता था। बताया जाता है की दो लाल अपाचे बाइक पर सवार 6 अपराधी उक्त गुमटी के पास पहुंचे और लगातार दो बम एवम गोली से लक्ष्मी यादव पर हमला कर दिया। बम इतना शक्तिशाली था की लक्ष्मी यादव के सिर का परखचा उड़ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपियो पवन कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर संजय बर्मन, नगर थाना प्रभारी के के कुशवाहा, कुंडा थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सदलबल पहुंचे। सूत्रों की माने तो जमीन विवाद में लक्ष्मी यादव की हत्या की गई है।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी थी। घटना स्थल से पुलिस ने एक खोखा भी बरामद किया है।