मुंबई: हिन्दी सिनेमा के दिग्गज कलाकार दिलीप कुमार (Dilip Kumar) का निधन हो गया है। वो 98 साल के थे। आज सुबह 7.30 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। दिलीप कुमार को सांस लेने में दिक्कत के चलते 29 जून को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
दिलीप कुमार काफी समय से बीमार चल रहे थे। दिलीप कुमार के पारिवारिक मित्र फैजल फारुखी ने आज एक्टर के ट्विटर से उनके निधन की जानकारी दी। उन्होंने लिखा- बहुत भारी दिल से ये कहना पड़ रहा है कि अब दिलीप साब हमारे बीच नहीं रहे।
ये खबर मिलते ही इंडस्ट्री में शोक की लहर है। सभी सितारे उनके निधन पर दुख व्यक्त कर रहे हैं।
दो दिन पहले ही आया था हेल्थ अपडेट
दिलीप कुमार को पिछले एक महीने में दो बार अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। पांच जुलाई को ही दिलीप कुमार के ट्विटर हैंडल से उनकी हेल्थ पर अपडेट दिया गया था। दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो द्वारा बयान में कहा गया था कि दिलीप कुमार की तबीयत में सुधार हो रहा है। वह अभी भी अस्पताल में ही हैं, आप उन्हें अपनी दुआओं में रखें। लेकिन इस हेल्थ अपडेट के दो दिन बाद ही दिलीप कुमार इस दुनिया को अलविदा कहकर चले गए।