
नई दिल्लीः आयकर विभाग की टीम ने एक्टर सोनू सूद (Sonu Sood) को 20 करोड़ की टैक्स (Tax) चोरी में शामिल होने का दावा किया है। अभिनेता और उनके सहयोगियों पर ये आरोप लगे हैं। आज लगातार चौथे दिन उनके घर पर आयकर विभाग ने सर्वे किया। 28 जगहों पर आयकर विभाग सर्वे कर रहा है।

बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद की मुश्किल बढ़ती दिख रही हैं। सोनू सूद के घर चार दिनों से सर्वे ऑपरेशन चल रहा है। शनिवार को भी IT की टीम का सर्वे जारी रहा। सोनू सूद को लेकर IT अधिकारियों ने बड़ा खुलासा किया है।

IT विभाग को सोनू सूद से जुड़ी जगहों पर तलाशी के बाद 20 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी, 2.1 करोड़ रुपये का अवैध विदेशी दान, 65 करोड़ रुपये के फर्जी लेनदेन, जयपुर स्थित एक इंफ्रा फर्म के साथ 175 करोड़ रुपये के सर्कुलर लेनदेन के सबूत मिले हैं।
बता दें कि सोनू सूद और सहयोगियों के यहां आयकर विभाग की टीम पिछले कुछ दिनों से सर्वे कर रही थी जिसके चलते ये खुलासा किया गया है। वित्त मंत्रालय (Finance Department) द्वारा जारी की गई एक रिलीज के अनुसार मुंबई (Mumbai), लखनऊ (Lucknow), कानपुर (Kanpur), जयपुर (Jaipur), दिल्ली (Delhi) और गुड़गांव (Gurgaon) में फैले कुल 28 परिसरों को तलाशी अभियान में शामिल किया गया था।


