
Deoghar: NTA ने बुधवार रात 11 बजे NEET UG 2022 के नतीजे घोषित कर दिए हैं। देवघर की बेटी नव्या कश्यप ने ऑल इंडिया रैंक 15696 लाकर सफलता हासिल की है। नव्या को जेनरल कैटेगरी में 6841 रैंक प्राप्त हुआ है। नव्या कश्यप ने 720 में से 612 अंक लाकर बेहतर किया है।

नव्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है। उसने कहा कि वो सर्जन बनना चाहती हैं। अपनी सफलता का रहस्य बताते हुए कहा कि नीट की तैयारी के दौरान कभी टेस्ट में मार्क्स कम आते थे तो मम्मी-पापा मोटिवेट करते थे। उन्होंने कभी मार्क्स के लिए दबाव नहीं डाला और पॉजिटिविटी के साथ तैयारी करते रहने के लिए हमेशा मोटिवेट किया।

नव्या ने दूसरे अटेम्प में ये सफलता प्राप्त की है। नव्या की सफलता से उनके परिवार वाले काफी खुश हैं। मां रागिनी सिंह कहती हैं कि उन्हें अपनी बेटी पर यकीन था कि वो बेहतर करेगी और उसने कर दिखाया है। आगे भी वो बेहतर कर जीवन में ऊँचा मुकाम पाए यही बाबा बैद्यनाथ से कामना है।
नव्या के पिता देवघर के जाने-माने बिल्डर संजीत कुमार सिंह कहते हैं कि बेटी की सफलता पर खुश तो हैं ही लेकिन ख़ुशी इस बात की ज्यादा है अब बेटियां भी बेटों के मुकाबले आगे बढ़ बेहतर कर रही हैं। अब वो दिन दूर नहीं जब बेटे और बेटियों के फर्क को मिटा बेटियां लड़कों के कंधे से कंधे मिला तमाम फिल्ड में खड़ी रहेंगी।

नव्या ने 10वीं संत फ्रांसिस स्कूल, देवघर से पास किया है। वहीं, 12वीं साईं इंटरनेशनल स्कूल, भुवनेश्वर से पास किया है। नव्या कश्यप ने नीट की तैयारी निजी कोचिंग संस्थान की मदद से और सेल्फ स्टडी कर की है।
नीट की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को नव्या कहती हैं कि सेल्फ स्टडी ज्यादा से ज्यादा करें। पढ़ाई किसी भी हाल में ब्रेक नहीं होनी चाहिए और जितना ध्यान अगले चैप्टर पर रखें उतना ही प्रीवियस पर भी ध्यान दें। प्रीवियस स्टडी का रिविज़न बार-बार करें। प्रीवियस क्वेश्चन बैंक की प्रैक्टिस भी करते रहें।
18 लाख स्टूडेंट्स ने दिया था एग्जाम
स्टूडेंट्स नीट का रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर देख सकते हैं। छात्र वेबसाइट पर अपने एप्लीकेशन नंबर और डेट ऑफ बर्थ का इस्तेमाल कर रिजल्ट को चेक कर सकते हैं। इस बार की परीक्षा में देशभर से कुल 18 लाख से ज्यादा छात्रों ने हिस्सा लिया था। इस परीक्षा का आयोजन 17 जुलाई 2022 देशभर के विभिन्न केंद्रों पर हुआ था।


