
Deoghar News : सड़क हादसे में सत्संग आश्रम के एक अनुयायी की मौत हो गई। मृतक की पहचान 54 वर्षीय प्रसन्न शर्मा, पिता अंकेश्वर शर्मा, निवासी बोरी गांव, थाना पाठोंरीघाट, जिला दोरंग (असम) के रूप में हुई है।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रसन्न शर्मा 1 जुलाई को अपने एक साथी के साथ जसीडीह रेलवे स्टेशन पर उतरे थे। वहां से दोनों टोटो पर सवार होकर सत्संग आश्रम की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान सत्संग आश्रम के समीप एक मालवाहक टोटो ने उनके टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में प्रसन्न शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक डेली वेजेज कर्मी थे और सत्संग आश्रम आने के लिए देवघर पहुंचे थे।
घटना की सूचना मिलते ही बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस देवघर सदर अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है। वहीं, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।


