Deoghar: देवघर शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला विद्युभूषण सरकार रोड स्थित बीएड कॉलेज के सामने का है। जहां बच्चों को स्कूल छोड़ने आए एक अभिभावक को अपराधियों ने अपना निशाना बनाया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पीड़ित मृत्युंजय कुमार राय सुबह अपने बच्चों को स्कूल बस तक छोड़ने के लिए सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे थे। तभी एक अज्ञात युवक उनके पास आया और किराए का मकान पूछने के बहाने बातचीत शुरू कर दी। युवक बातचीत करते हुए धीरे-धीरे पीड़ित के करीब पहुंच गया।

इसी दौरान उसका दूसरा साथी मोटरसाइकिल लेकर कुछ दूरी पर खड़ा हो गया। मौका मिलते ही बातों में उलझाए युवक ने अचानक मृत्युंजय कुमार राय के गले से लगभग दो भर सोने की चेन और रुद्राक्ष की माला झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मोटरसाइकिल पर बैठकर तेजी से मौके से फरार हो गए।
घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ नहीं पाए। बाद में सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें पूरी वारदात स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो गई थी।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने व अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।



