
Deoghar: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Bihar Chief Minister Samrat Chaudhary) रविवार दोपहर बाद हेलीकॉप्टर से देवघर एयरपोर्ट (Deoghar Airport) पहुंचे। जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। यहां से सीएम सीधे बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना की।

मंदिर परिसर में तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका संकल्प कराया।


मंदिर में पूजा के उपरांत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्होंने बिहार की जनता की सुख-समृद्धि और राज्य के निरंतर विकास के लिए बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि वे बिहार की उन्नति और खुशहाली की कामना लेकर बाबा की शरण में आए हैं।
बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा के बाद मुख्यमंत्री बाबा बासुकीनाथ मंदिर गए।
मुख्यमंत्री के देवघर आगमन को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया गया।


