
Deoghar: देवघर जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सौरभ ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला कर दिया है।

जारी आदेश के अनुसार विभिन्न थाना और शाखाओं में पदस्थापित इन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए स्थानों पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। एसपी द्वारा किए गए इस तबादले में कई थानों के प्रभारी, एसआई एएसआई शामिल हैं। लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे अधिकारियों को हटाकर नए पदाधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि कार्य प्रणाली में पारदर्शिता और सक्रियता लाई जा सके।
जानें कौन कहाँ गया

स्थानातंरित किये गये पदाधिकारियों में पुअनि सालो हेम्ब्रम को पालोजोरी थाना से मोहनपुर थाना प्रभारी, पुअनि प्रशांत कुमार-1 को विधि शाखा पुलिस अधीक्षक कार्यालय से देवीपुर थाना प्रभारी, प्रभारी जिला नियंत्रण कक्ष पुअनि संदीप कुमार को सारवां थाना प्रभारी, अपराध विश्लेषण एवं नियंत्रण विंग देवघर के पुअनि विपिन कुमार को चितरा थाना प्रभारी, पुअनि मनोरजंन महतो अनुसंधान विंग से बुढ़ई थाना प्रभारी, कुंडा थाना के पुअनि मोतीराम देवगम को पथरड्डा ओपी प्रभारी, यातायात थाना प्रभारी पुअनि संजय कुमार -1 को पालोजोरी थाना प्रभारी, नगर थाना के पुअनि दिलीप मुंडा को यातायात थाना प्रभारी बनाया गया है।
वहीं देवीपुर के पूर्व थाना प्रभारी संदीप कृष्णा को तकनीकी कोषांग, पूर्व थाना प्रभारी सारवां कौशल कुमार सिंह को प्रभारी जिला निंयत्रण कक्ष देवघर, पूर्व चितरा थाना प्रभारी विकास पासवान को नगर थाना, पूर्व बुढ़ई थाना प्रभारी रूपेश कुमार महतो को नगर थाना, पूर्व ओपी प्रभारी पथरड्डा सामु बांडो को कुंडा थाना, पूर्व मोहनपुर थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार को बाबा मंदिर थाना, पुअनि प्रफुल मांझी को विधि शाखा से प्रभारी विधि शाखा, सअनि फैयाज अहमद खान को नगर थाना से पुलिस केन्द्र भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह कदम अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। नए पदस्थापित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तुरंत जिम्मेदारी संभालने और जनता के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है।
इस तबादले से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि इससे कार्यशैली में सुधार आएगा और आम जनता को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था मिल सकेगी।


