
Deoghar: देवघर में अपराधियों का हौसला बुलंद है। श्रावणी मेला को लेकर चप्पे चप्पे पर मौजूद पुलिस जवानों के बावजूद दिनदहाड़े रिहायशी इलाके में गोलीबारी की घटना को बदमाशों ने अंजाम दिया है।

शुक्रवार की दोपहर करीब 1:15 बजे एक स्कूटी सवार दो बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। रिखिया थाना क्षेत्र के आदर्श कालोनी मोहल्ला निवासी 18 वर्षीय अभिजीत ठाकुर को बदमाशों ने झौसागढ़ी मोहल्ला स्थित एक नाश्ता दुकान के समीप गोली मारी। गोली अभिजीत को पीछे से कमर में मारी गई। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश स्कूटी से गणेशा इंफोटेक वाली गली की ओर भाग गए।

आनन-फानन में युवक को इलाज के लिए स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सक सर्जन डा. रवि कुमार व आर्थोपेडिक डा. संजय कुमार ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। एक्स-रे व सिटी स्कैन कराया गया। जिसमें गोली युवक के रीढ़ की हड्डी के पास फंसा हुआ पाया गया। घायल की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि अभिजीत का कुछ युवकों के साथ दो दिन उसके छोटे भाई से मोबाइल फोन छिनतई को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान एक-दूसरे को देख लेने की धमकी भी दी गई थी। अभिजीत शिवगंगा के समीप सावन के दौरान चाय नाश्ता का दुकान खोला था। उसी दुकान से रंगदारी मांगने को लेकर विवाद होने की बात भी सामने आ रही है। शुक्रवार को वह बाइक लेकर दुकान का सामान लाने बाजार आया था। उसी दौरान पीछे से स्कूटी पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे। पहले उनलोगों के बीच तू-तू, मैं-मैं हुआ। इसके बाद बदमाशों ने उसे थपड़ मार दिया। उपरांत विवाद बढ़ गया तो उसमें एक युवक ने पीछे से सटाकर उसके कमर में गोली मार दी।
बता दें कि श्रावणी मेला को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस की मौजूदगी है। जिस स्थान पर घटना को अंजाम दिया गया। वहां श्रावणी मेला को लेकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए दो होम गार्ड जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है ताकि इस रास्ते से होकर वाहन प्रवेश नहीं कर सके।


