
Deoghar Crime News : देवघर जिले के पाथरोल थाना अंतर्गत सिमरा गुडू होटल के पीछे सारठ- मधुपुर मुख्य मार्ग से एक व्यापारी से 2,23,900 रुपये नकद व मोबाइल फोन के लूट मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। मामले में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्तौल, लूट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन व लूट गई 3200 रुपये बरामद किया है।

पुलिस ने मामले में गिरिडीह जिला के राजधनवार थाना क्षेत्र के सिरसाय गांव निवासी प्रदीप राय, जसीडीह थाना क्षेत्र के शंकरी कोठिया निवासी राजू कुमार दास, दर्दमारा निवासी दशरथ दास, बाघमारा नारायणपुर निवासी बबन दास, जमुई जिला के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के केवाल निवासी सुमन कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार सभी आरोपितों के खिलाफ विभिन्न थाना में आर्म्स एक्ट, लूट सहित दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज है।
बता दें कि लूटपाट की घटना को लेकर गिरिडीह जिला के जमुआ थाना क्षेत्र के मगहाकाला टोला कजीमगहा गांव निवासी मो. शाहबाज आलम के बयान पर मामला दर्ज किया गया था।
दर्ज मामले के उद्भेदन को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मधुपुर द्वारा टीम का गठन किया गया। टीम में पाथरोल थाना प्रभारी दिलीप कुमार बिलुंग,पथरहड्डा ओपी प्रभारी सालो हेंब्रम, एसआइ विकास पासवान व सामु बांडो, एएसआइ शिवशंकर हेंब्रम, तकनीकी शाखा के मो. रियाजुल हक सहित जवानों को शामिल किया।
तकनीकी अनुसंधान के दौरान जसीडीह थाना अंतर्गत कांड में शामिल आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।



