
Deoghar : देवघर नगर थाना की पुलिस फल-सब्जी बेचने वाली महिला की हत्या से जुड़ी गुत्थी को सुझाने में जुट गई है। पुलिस की टीम घटनास्थल शिल्पग्राम (तारामंडल) पहुंची। यहां खोजबीन के क्रम में पुलिस ने चाकू, एक पैर का जूता व चप्पल सहित बोरा भी बरामद किया।

आशंका व्यक्त की जा रही है कि इसी चाकू से अपराधी ने महिला के गले और सीने पर वार कर हत्या किया होगा। जबकि हत्याकांड को अंजाम देने के बाद भागने के फिराक में अपना जूता घटनास्थल पर ही छोड़ गया। वहीं बरामद बोरा में फल और सब्जी रखा हुआ। जिसे महिला रोज बेचने जाया करती थी।

तालाब तक पहुंचकर खत्म हुई डाग स्क्वायड की जांच
वहीं हत्याकांड में शामिल अपराधियों तक पहुंचने के लिए दुमका से डाग स्क्वायड को मंगाया गया। खोजी कुत्ता ने घटनास्थल से बरामद जूता को सूंघने बाद आस्था नगर होते हुए मंगल तालाब की सीढ़ियों तक पहुंचा। इसके बाद वह आगे नहीं बढ़ गया। जिसको लेकर आशंका व्यक्त की जा रही है कि अपराधी ने घटना को अंजाम देने के बाद इसी तालाब में आकर अपने खून से सने हाथ को धोया होगा।

खंगाला गया सीसीटीवी फुटेज
डाग स्क्वायड जिस-जिस रास्ते से गुजरा, पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। तीन -चार जगह से फुटेज भी लिया गया। ताकि आगे उसकी जांच की जा सके। वहीं फुटेज से क्या-कुछ जानकारी पुलिस के हाथ लगी। फिलहाल पुलिस इस मामले में कुछ नहीं बता रही है.
हत्या का कारण नहीं हो पाया स्पष्ट
घटना की जानकारी के बाद भी हत्या का कारण स्पष्ट रूप से सामने नहीं आया है। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं को जोड़ते हुए मामले की जांच में जुटी है। पुलिस मामले को को प्रेस-प्रसंग से भी जोड़कर देख रही है। वहीं जिस हालत में महिला की हत्या की गई, उससे महिला के साथ जोर-जबरदस्ती किए जाने की भी आशंका बनी हुई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मिलने के बाद ही इस पर से पर्दा उठा सकता है। तीन सदस्यीय चिकित्सकों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद स्वाब और खून को सुरक्षित रखा गया है।
घटनास्थल से जान बचाने के लिए भागी थी महिला
खरवारी सिंघवा की रहने वाली 30 वर्षीय जानकी देवी बाजार में सब्जी-फल बेचने के लिए प्रतिदिन जाया करती थी। शनिवार को भी वह सामान बेचकर वापस घर जा रही थी। उसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि जिस जगह पर महिला की हत्या करने का प्रयास किया गया था, महिला वहां से जान बचाकर करीब पांच सौ मीटर दूर तक गई लेकिन चाकू से घायल होने की वजह से वह रेलवे ट्रैक के पास गंभीर हालत में गिर गई।
उसके चिल्लाने के बाद आसपास रहने वाले कुछ लोग वहां पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने जांच के उपरांत मृत घोषित कर दिया।


