
Deoghar: नए साल 2025 का आगाज हो चुका है। नव वर्ष में पहले दिन की वजह से आज के दिन की महत्ता बढ़ जाती है। ऐसे में नव वर्ष को लेकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में होने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर अहले सुबह बाबा मंदिर पहुंच कर विधि व्यवस्था व श्रद्धालुओं की सुविधाओं का निरीक्षण कर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया।

इसके अलावे उपायुक्त विशाल सागर ने कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए चल रही गतिविधियों आदि का जायज लिया। साथ ही मंदिर प्रांगण व आसपास के क्षेत्रों में सुलभ जलार्पण को लेकर की गई व्यस्थाओं का उपायुक्त ने जायजा लिया। आगे उपायुक्त ने बाबा मंदिर प्रांगण को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने का निर्देश संबंधित अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को दिया, ताकि मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर मंदिर प्रांगण में क्राउड मैनेजमेंट के अलावा कतारबद्ध जलार्पण को लेकर बाबा मंदिर प्रभारी सह अनुमंडल पदाधिकारी को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने श्रद्धालुओं से बातचीत करते हुए सुगम व सुरक्षित जलार्पण हेतु जिला प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया, ताकि सभी श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक जलार्पण कराया जा सके।






ज्ञात हो कि जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की आज होने वाली अप्रत्याशित भीड़ का अनुमान लगाते हुए पहले से हीं सारी तैयारियाँ पूरी कर ली गई थी, ताकि श्रद्धालुओं की कतार ज्यादा दूर तक न जाय व लोगों को ज्यादा परेशानियों का सामना न करना पड़े। मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन का प्रयास है कि बाबा मंदिर आए हुए देवतुल्य श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा महैया कराई जाए। साथ हीं उपायुक्त द्वारा नव वर्ष की शुभकामना देते हुए जिलावासियों से आग्रह करते हुए कहा कि विधि व्यवस्था को कायम रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।
इस दौरान उपरोक्त के अलावा मंदिर प्रभारी सह अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री नरेश रजक, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, जिला साख्यांकी पदाधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, बाबा मंदिर थाना प्रभारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी एवं संबंधित अधिकारी व मंदिर कर्मी आदि उपस्थित थे।


