Deoghar: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर आपत्ति जनक टिप्पणी का पर्चा चिपकाने के आरोप में नगर थाना में जेएमएम के जिलाध्यक्ष संजय कुमार शर्मा ने मामला दर्ज कराया है। मामले में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष किसलय तिवारी और भाजयुमो के जिलाध्यक्ष अतुल सिंह को आरोपी बनाया गया है।
मामले को लेकर रविवार को नगर पुलिस ने भाजयुमो जिलाध्यक्ष अतुल सिंह को पुछताछ के लिये हिरासत में ले लिया। इस दौरान थाना परिसर में काफी संख्या में भाजपा नेताओं का जमावड़ा लग गया। लगभग पांच घंटा थाना में पुछताछ करने के बाद भाजयुमो जिलाध्यक्ष को बांड भरा कर छोड़ा गया।
बताते चलें कि दर्ज मामले में जेएमएम जिलाध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा था कि शहर के सर्किट हाउस रोड, शंख मोड़, वीरकुुंवर सिंह चौक तथा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर मुख्यमंत्री के नाम को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग करते हुए पोस्टरबाजी की जा रही है। जिसमें निवेदक के रूप में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष किसलय तिवारी और भाजयुमो जिलाध्यक्ष अतुल सिंह का नाम अंकित है। इधर नगर पुलिस जिलाध्यक्ष को बांड पर छोड़ने के बाद मामले की पड़ताल में जुट गयी है।