
Deoghar: देवघर स्थित बाबा मंदिर में विदेशी दूल्हा के साथ देसी दुल्हन ने सात फेरे लिए। जिसके बाद इस शादी की चर्चा पूरे जिले में जोरों पर है। दुल्हन उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद की रहने वाली है तो दूल्हा लंदन का रहने वाला है। दोनों के प्यार का परवान लंदन में ही चढ़ा जिसके बाद दोनों ने प्यार को मुकाम तक पहुंचाने के लिए भारत आकर बाबा बैद्यनाथ के दरबार पहुंचे और पुरे परिवार केसमक्ष विधि-विधान से सात जन्मों के बंधन में बंधे।

दरअसल, गाजियाबाद की रहने वाली जैना वत्स लंदन में टेलीकॉम कंपनी में काम करती है। एक दिन जैना की मुलाकात लंदन में पेशे से डॉक्टर सैम से हुई। फिर दोनों में दोस्ती हुई। जो धीरे धीरे प्यार में कब बदल गई दोनों को पता नहीं चला। इसी प्यार को एक मुकाम तक पहुंचाने के लिए सैम सात समंदर पार कर अपने परिवार के साथ देवघर बाबा मंदिर चले आये और शिव पार्वती को साक्षी मानकर जैना वत्स के साथ परिणय सूत्र में बंध गए।

लंदन के रहने वाले सैम ने जेना वत्स से शादी करने के लिए सनातन धर्म को अपनाया और संस्कृत में मंत्र उच्चारण कर हिंदू परंपरा का निर्वाह किया।

शादी में मौजूद दुल्हन के पिता ने कहा कि बेटी की खुशी में ही उनकी खुशी है। उन्होंने कहा दूल्हा सेम ने बेटी को अपना धर्म स्वीकारने के लिए दबाव नहीं बनाया और हिंदू रीति रिवाज से शादी की। बाबा से बस इतनी कामना है कि बेटी के रिश्ते हमेशा सलामत रहे। लड़की के पिता के साथ शादी करा रहे पुरोहित भी खुश नजर आये। उन्होंने कहा कि आज तक हमने ऐसी शादी नहीं देखी है। पुरोहित ने दोनों खुशहाल बनाए रखने के लिए भगवान से कामना की।


