New Delhi: बाहरी जिले के पश्चिम विहार वेस्ट थाना इलाके में सात साल की बच्ची की चीनी मांझे ने जान ले ली। यह घटना बुधवार शाम को हुई है, जब बच्ची पिता के साथ बाईक पर स्विमिंग के लिए जा रही थी। पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

मामले की पुष्टि करते हुए डीसीपी हरेंद्र सिंह ने बताया कि कल बुधवार देर शाम करीब 7:27 बजे के आसपास पश्चिम विहार वेस्ट थाना पुलिस टीम को 7 साल की बच्ची की मौत होने की बारे में सूचना मिली थी। वह अपने पिता संदीप के साथ स्कूटी पर जा रही थी और आगे बैठी हुई थी। जब यह लोग गुरु हरकिशन नगर, पश्चिम विहार से गुजर रहे थे, उसी दौरान गले में मांझा लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। तुरंत नजदीक के बालाजी एक्शन हॉस्पिटल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने 304/188 आईपीसी के तहत एफ आई आर दर्ज की है। आगे की छानबीन की जा रही है।

जानकारी के अनुसार बच्ची के पिता संदीप का कपड़ों का कारोबार है और परिवार के साथ नांगलोई एक्सटेंशन में रहते हैं। उन्होंने बेटी को स्विमिंग सिखाने के लिए पास के स्कूल में एडमिशन कराया था। कल शाम को सात साल की बेटी को स्विमिंग के लिए स्कूल जा रहे थे। बेटी स्कूटी पर आगे बैठी थी। वे पीरागढ़ी के पास आगे भैरो चौक पर पहुंचे थे तभी मांझा बच्ची के गले में लिपट गया और वह घायल होकर गिर गई। घायल हालत में बच्ची को बालाजी एक्शन अस्पताल ले गये जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को फिर अस्पातल से घटना की सूचना को दी गई थी।
उल्लेखनीय है कि चीनी मांझा प्रतिबंधित होने के बाद भी चोरी छिपे दिल्ली के विभिन्न इलाकों में बेचा जाता है और लोग पतंग उड़ाने के लिए इस्तेमाल करते हैं।



