spot_img

ई-रिक्शा चालक ने की थी महिला की हत्या, गिरफ्तार

New Delhi: द्वारका जिले के मोहन गार्डन इलाके में मिली एक महिला की लाश से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। पुलिस ने मृतका की पहचान करने के साथ एक ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान बरेली यूपी निवासी अजय कुमार (26) के रूप में हुई है।

पकड़े जाने के बाद आरोपित ने खुलासा करते हुए बताया कि मृतका युवती उसके साथ रिलेशन में थी। मगर अब वह उसे ब्लैकमेल कर रुपयों की डिमांड कर रही थी। रुपए नहीं देने पर वह उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रही थी। परेशान होकर उसने युवती की हत्या कर दी।

डीसीपी एम हर्षवर्धन ने शुक्रवार को बताया कि गत 23 जून को लाल फार्म के पास एक युवती की लाश मिली थी। युवती के गले में चुन्नी लिपटी हुई थी। उसकी हत्या के बाद शव को रेते के नीचे दबा दिया गया था। मोहन गार्डन थाने में हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने सबसे पहले मृतका की पहचान खुशबू (बदला हुआ नाम) के रूप पर की। वह मूलरूप से यूपी की रहने वाली थी।

युवती के रिश्तेदारों से पूछताछ में पता चला कि करीब दो सप्ताह पूर्व ही दिल्ली में अपनी एक रिश्तेदार से मिलने के लिए आई थी। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मगर कोई लीड नहीं मिली। जिसके बाद टैक्नीकल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद ली।

जिसके बाद जांच की सुईं अजय नाम के एक युवक पर आकर ठहर गई। पुलिस ने यूपी और दिल्ली में उसके संभावित ठिकानों पर रेड की और उसे दबोच लिया। आरोपित के पास से पुलिस को मृतका का मोबाइल और आरोपित के घटना के समय पहने कपड़े बरामद हो गए हैं।

झूठे केस में फंसाने की धमकी से डर गया था आरोपित

पकड़े जाने के बाद आरोपित अजय ने पुलिस को बताया कि वह पेशे से ई-रिक्शा चालक है। करीब एक साल पहले वह खुशबू के संपर्क में आया था। दोनों में दोस्ती के बाद शारीरिक संबंध भी बन गए थे। कुछ दिनों से महिला उससे रुपयों की डिमांड कर रही थी। जब उसने रुपए देने से मना कर दिया तो खुशबू ने उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। अजय ने पुलिस को बताया कि वह उसकी इस धमकी से डर गया था। वह उसे झूठे केस में फंसाकर जेल भिजवा सकती थी। ऊपर से रुपयों की डिमांड कर रही थी।

परेशान होकर उसने खुशबू की हत्या करने की योजना बनाई। जब खुशबू मोहन गार्डन इलाके में अपनी एक रिश्तेदार से मिलने आई, इसी बीच गत 23 जून को आरोपित ने उसे मिलने के बहाने बुलाया और उसकी चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। जिसके बाद शव को रेत के नीचे दबा दिया।

Leave a Reply

Hot Topics

Related Articles

Don`t copy text!