
ICSE 10th Result 2025: झारखंड के जमशेदपुर शहर की होनहार बेटी शांभवी जायसवाल ने आईसीएसई की 10वीं बोर्ड परीक्षा में 100 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। लोयोला स्कूल की इस मेधावी छात्रा ने सेल्फ स्टडी के दम पर न केवल झारखंड, बल्कि पूरे भारत को गर्व का पल दिया।

शांभवी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने साबित कर दिया कि सच्ची लगन और मेहनत के आगे कोई मंजिल असंभव नहीं। वह भविष्य में कंप्यूटर साइंस इंजीनियर बनना चाहती हैं और पेंटिंग में भी उनकी गहरी रुचि है।

शांभवी की सफलता का राज उनकी कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और समय का सही उपयोग है। उन्होंने हर विषय को गहराई से पढ़ा, नियमित अभ्यास किया और अपनी कमियों को सुधारा। बिना किसी कोचिंग या अतिरिक्त क्लास के, शांभवी ने घर पर ही सेल्फ स्टडी के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
शांभवी के माता-पिता दोनों ही डॉक्टर हैं और शिक्षा के क्षेत्र में उनकी अपनी मिसाल है। पिता अभिषेक जायसवाल, मेहर बाई टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल के रेडियोलॉजी विभाग में प्रमुख हैं, जबकि मां ओजस्वी शंकर, मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर हैं।



