
New Delhi: देश के कई राज्यों में मंगलवार ( 7 जनवरी) सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। यूपी, बिहार से लेकर दिल्ली तक लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। इसका केंद्र नेपाल बॉर्डर के पास तिब्बत बताया जा रहा है, जहां इसकी तीव्रता 7.1 मापी गई है।

नेपाल सरकार के मुताबिक इस बात की पुष्टि हो चुकी है कि आज सुबह नेपाल में जो भूकंप महसूस किया गया, उसका केंद्र नेपाल-चीन सीमा तिब्बत के डिंगे कांती में था।

नेपाल सरकार के भूवैज्ञानिक विभाग के मुताबिक, उस इलाके में भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7 मापी गई। सुबह 6:35 बजे आए भूकंप से नेपाल के ज्यादातर हिस्से हिल गए।
इधर, पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में सुबह (7 जनवरी) 6:37 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए, जो करीब 15 सेकंड तक रहे। इसके अलावा जलपाईगुड़ी में सुबह 6:35 बजे और उसके कुछ समय बाद कूच बिहार में भी झटके महसूस किए गए। इसके अलावा बिहार की राजधानी पटना के अलावा कुछ और इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। वहीं, दिल्ली-NCR और UP में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं।
बिहार में भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.1 मापी गई। समस्तीपुर, मोतिहारी में समेत कई इलाकों में सुबह 6 बजकर 40 मिनट पर भूकंप आया था। जानकारी के अनुसार, करीब 5 सेकेंड तक धरती हिलती रही। भूकंप इतना तेज था कि लोग दहशत की वजह से घरों से बाहर निकलने लगे।
अभी तक किसी तरह के नुकसान या हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
नेपाल की बात करें तो तिब्बत क्षेत्र के साथ-साथ नेपाल के पूर्व से मध्य क्षेत्र को भी बड़ा झटका भूकंप का लगा है।
भूकंप का झटका काठमांडू तक महसूस किया गया। सुबह-सुबह आए तेज भूकंप के बाद काठमांडू के लोग शोर मचाते हुए अपने घरों से बाहर निकल आए। लंबे समय बाद काठमांडू में भूकंप का बड़ा झटका महसूस किया गया।
भूकंप से कहां और कितना नुकसान हुआ, इसके बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।


