
New Delhi: मोदी कैबिनेट ने आज यानी बुधवार को एक देश एक चुनाव (One Nation, One Election) के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब देश की 543 लोकसभा सीट और सभी राज्यों की कुल 4130 विधानसभा सीटों पर एक साथ चुनाव कराने की राह खुल गई। एक राष्ट्र एक चुनाव पर गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि आज का दिन भारत के लोकतंत्र का स्वर्णकाल है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अद्वितीय दूरदर्शिता ,जनता के हित के लिए अडिग इच्छाशक्ति ने आज देश को ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के संकल्प की ओर एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया है।

सांसद ने एक्स पर लिखा कि पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद जी की अध्यक्षता में गठित समिति ने इस ऐतिहासिक योजना को दो चरणों में लागू करने का प्रस्ताव दिया है। यह कदम ना केवल बाबा साहब अम्बेडकर जी के सपनों को पूरा कर संविधान को अधिक सशक्त बनाएगा, बल्कि इसे पारदर्शिता और दक्षता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
भारत अब चुनाव सुधारों की दिशा में तेज़ गति से अग्रसर है, और इस प्रयास से लोकतंत्र को और मजबूती मिलेगी।
निशिकांत दुबे ने इसके लिए प्रधानमंत्री का देशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया ।
बता दें कि एक देश एक चुनाव पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में गठित कमेटी की रिपोर्ट के बाद प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दी है।


