
Ramlala Pran Pratishtha : अयोध्या के राम मंदिर में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। हालांकि मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की प्रक्रिया 16 जनवरी से ही शुरू हो गई है। मुख्य प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम 22 जनवरी को मंदिर के गर्भग्रह में होनी है। इस पूजा में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम अभिजीत मुहूर्त में किया जाना है। 22 जनवरी को दोपहर 12 बजकर बजकर 29 मिनट 8 सेकंड से 12 बजकर 30 मिनट 32 सेकंड तक अभिजीत मुहूर्त होगा। यह मुहूर्त सिर्फ 84 सेकंड का रहेगा।

22 जनवरी को पौष माह की द्वादशी तिथि है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का पूरा कार्यक्रम अभिजीत मुहूर्त, इंद्र योग, मृगशिरा नक्षत्र, मेष लग्न एवं वृश्चिक नवांश में किया जाएगा।

न्यूज़ ऐजेंसी एएनआई ने रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का मुहूर्त निकालने वाले पंडित गणेश्वर शास्त्री के हवाले से बताया है कि प्राण प्रतिष्ठा के लिए 84 सेकेंड का ‘अभिजीत मुहूर्तं’ सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे रहेगा। माना जाता है कि भगवान राम का जन्म ‘अभिजीत मुहूर्त’ में ही हुआ था।
भगवान श्री राम की प्रतिमा 4.24 फीट ऊंची है। प्रतिमा 3 फीट चौड़ी है। प्रतिमा का वजन लगभग 200 किलोग्राम है। मस्तक पर सूर्य, स्वस्तिक, ॐ, गदा और चक्र है। मूर्ति में मत्स्य, कूर्म, वराह, नरसिंह, वामन, परशुराम, राम, कृष्ण, बुद्ध और कल्कि अवतार भी बने हुए हैं। वहीं, निचले स्थान पर दाईं तरफ हनुमान जी और बाईं तरफ गरुड़ देव जी भी हैं।


