
New Delhi: देश में बढ़ते ओमिक्रोन (Omicron) के मामलों ने केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Central Health Ministry) की चिंता बढ़ा दी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार कोरोना का नया वेरिएंट ओमिक्रोन डेल्टा वेरिएंट की जगह ले रहा है। इसका साफ मतलब है कि यह तेजी से पैर पसार रहा है।

शुक्रवार को केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता में नीति आयोग के सदस्य डॉ. वी के पॉल ने बताया कि ओमिक्रोन के बढ़ते मामले चिंता का विषय है। इसलिए लोगों को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लेनी चाहिए और गैर जरूरी यात्राओं से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैक्सीन के साथ लोगों को कोरोना के अनुरूप व्यवहार के सभी उपाय करने चाहिए।

उन्होंने कहा कि डेल्टा वेरिएंट की जगह ओमिक्रोन तेजी से ले रहा है। इसका साफ मतलब है कि यह तेजी से फैल रहा है। महाराष्ट्र में इसके 32 मामले और दिल्ली में 22 मामले सामने आ चुके हैं।


