
नई दिल्लीः स्कूलों को खोले जाने के लिए बच्चों को वैक्सीन लगना जरूरी है यह शर्त किसी वैज्ञानिक संस्था ने नहीं रखी है। उक्त बातें स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से आयोजित प्रेस काॅन्फ्रेंस में नीति आयोग के सदस्य डाॅ वीके पाॅल ने कही।

गौरतलब है कि देश में कोरोना के तीसरी लहर को लेकर अलर्ट है, इन हालातों के बीच लगभग सभी राज्यों में स्कूल खोल दिये गये हैं, जिसकी वजह से यह मसला विवाद का विषय बन गया है। डाॅ वीके पाॅल ने कहा कि स्कूलों को खोले जाने के लिए बच्चों का वैक्सीनेशन तो जरूरी नहीं बताया गया है लेकिन शिक्षकों, विद्यालय कर्मियों और अभिभावकों का टीकाकरण आवश्यक है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में नीति आयोग के सदस्य डाॅ वी के पॉल ने कहा कि बच्चों को टीकाकरण होना चाहिए या नहीं और बच्चों में किसे टीका दिया जाना चाहिए, यह एक वैज्ञानिक और सार्वजनिक स्वास्थ्य चर्चा का विषय बन गया है।
डाॅ पाॅल ने कहा कि विश्व में अबतक कुछ ही देशों में बच्चों का टीकाकरण शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि अभी अपने देश में भी बच्चों का टीकाकरण शुरू नहीं हुआ है,लेकिन स्कूल खुल रहे हैं, इसलिए यह जरूरी है कि स्कूल में कोरोना प्रोटोकाॅल का पालन किया जाये ताकि बच्चों को सुरक्षित माहौल मिले।
डाॅ पॉल ने कहा कि हमारे देश में भी इस बात पर शोध अध्ययन जारी है कि बच्चों का टीकाकरण कैसे हो। सारी परिस्थितियों का आकलन करने के बाद ही बच्चों को टीका दिया जायेगा।


