
जम्मू-कश्मीर: देश में कोरोना संक्रमण की मौजूदा हालात को देखते हुए इस साल भी अमरनाथ यात्रा रद्द कर दी गई है। पिछले साल भी कोरोना महामारी के चलते अमरनाथ यात्रा रद्द कर दी गई थी। इस साल 56 दिनों की अमरनाथ यात्रा 28 जून से शुरू होने वाली थी। हालांकि, श्रद्धालु 28 जून से ऑनलाइन दर्शन कर पाएंगे।

अमरनाथ यात्रा को लेकर शुक्रवार को गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को कहा था कि “सरकार जल्द ही वार्षिक अमरनाथ तीर्थयात्रा आयोजित करने पर फैसला करेगी, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि लोगों की जान बचाना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

हिमालय के ऊंचाई वाले हिस्से में 3,880 मीटर ऊंचाई पर स्थित भगवान शिव के गुफा मंदिर के लिए 56-दिवसीय यात्रा 28 जून को पहलगाम और बालटाल मार्गों से शुरू होनी थी और यह यात्रा 22 अगस्त को समाप्त होती। सिन्हा ने कहा था कि लोगों की जान बचाना ज्यादा जरूरी है।
जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर के कार्यालय ने ट्वीट किया, “व्यापक जनहित को देखते हुए यह फैसला किया गया है कि इस साल अमरनाथ यात्रा नहीं होगी. अमरनाथ यात्र इस साल भी सांकेतिक होगी और सभी धार्मिक परंपराएं पवित्र गुफा में ही पूरी की जाएंगी.”
गौरतलब है कि वर्ष 2020 में महामारी के कारण तीर्थयात्रा रद्द कर दी गई थी।


