नई दिल्ली।

देश में कोरोनावायरस से लगातार हालात बिगड़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर देश में रिकॉर्ड 2 लाख 16 हजार 642 लोग संक्रमित पाए गए हैं। पिछले साल संक्रमण की शुरुआत से लेकर अब तक एक दिन में मिले संक्रमितों का ये आंकड़ा सबसे बड़ा है। इस दौरान 1 लाख 17 हजार 825 लोग ठीक भी हुए, जबकि 1182 मरीजों ने दम तोड़ दिया।

भारत में एक्टिव केस की संख्या भी 15 लाख के पार हो गई है। अब यहां 15 लाख 63 हजार 588 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। देश में कोरोना के कहर का अंदाजा आप इस बात से भी लगा सकते हैं कि दुनिया के टॉप-20 संक्रमित शहरों की सूची में भारत के 15 शहर शामिल हैं। पुणे इस सूची में टॉप पर है तो मुंबई दूसरे नंबर पर है। आलम ये है कि देश के करीब 120 जिलों में बेड, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर जैसी जरूरी सुविधाओं की कमी हो गयी है।


महाराष्ट्र, यूपी, दिल्ली, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा मरीज मिले
गुरुवार को देश में सबसे ज्यादा 61,695 नए मरीजों की पहचान महाराष्ट्र में हुई। दूसरे नंबर पर उत्तर प्रदेश रहा। यहां 22,339 लोग संक्रमित पाए गए। दिल्ली में 16,699, छत्तीसगढ़ में 15,256, कर्नाटक में 14,738 और मध्यप्रदेश में 10,166 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
► बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 2.16 लाख
► बीते 24 घंटे में कुल मौत: 1,182
► बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.17 लाख
► अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 1.42 करोड़
► अब तक ठीक हुए: 1.25 करोड़
► अब तक कुल मौत: 1.74 लाख
► अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 15.63 लाख




